आजमगढ़- मेजवां पहुंचीं पद्मश्री शबाना आजमी, भीगते हुए ग्रामीणों ने किया स्वागत
पैतृक घर फतेह मंजिल पहुंचने पर महिलाओं ने उतारी आरती दो सितंबर को होने वाले

फूलपुर (आजमगढ़), हिन्दुस्तान संवाद। अभिनेत्री पद्मश्री शबाना आजमी शनिवार को अपने पैतृक गांव मेजवां पहुंचीं। उनके पहुंचते ग्रामीणों ने बारिश की परवाह किए बिना भीगते हुए उनका भव्य स्वागत किया। पैतृक निवास फतेह मंजिल में महिलाओं ने उनकी आरती उतारी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। शबाना आजमी, नम्रता गोयल और विकास यादव बाबतपुर एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से दोपहर में पैतृक आवास फतेह मंजिल पहुंचे। ग्रामीण सुबह से गांव की बेटी के स्वागत के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। उनके मेजवां पहुंचते ग्रामीणों ने बारिश के बीच उनका स्वागत किया। कैफी आजमी चिकनकारी की इंचार्ज संयोगिता और उनकी सहयोगी महिलाओं ने शबाना आजमी की आरती उतारी।
शबाना ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद शबाना आजमी ने फतेह मंजिल परिसर में स्थापित अपने पिता एवं प्रसिद्ध उर्दू शायर स्व. कैफी आजमी और दादा स्व. फतेह हुसैन की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।मिजवां वेलफेयर सोसायटी के डिप्टी मैनेजर मनोज प्रजापति ने बताया कि दो सितंबर को होने वाले फैशन शो और शूटिंग कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में अभिनेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी के साथ नम्रता गोयल, विकास यादव, स्नेहा, योहान समेत टीम के अन्य सदस्य मेजवां पहुंचे हैं। टीम अपने प्रवास के दौरान मेजवां में संचालित विभिन्न संस्थानों और गतिविधियों की शूटिंग करेगी। टीम कैफी आजमी कंप्यूटर सेंटर, कैफी आजमी गर्ल्स इंटर कॉलेज, स्पोर्ट्स अकादमी, एम्ब्रॉयडरी सेंटर और ब्यूटीशियन सेंटर समेत विभिन्न स्थानों का दौरा करेगी।


