कनॉट प्लेस पर भीषण जाम लगा, घंटों फंसे रहे लोग
-नई दिल्ली समेत अन्य इलाकों में भी प्रतिबंध लागू होने पर यातायात व्यवस्था बिगड़ीनई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। सीजेपी के संसद मार्च के कारण सोमवार को नई दिल्ली में भीषण ट्रैफिक जाम लगा रहा। कनॉट प्लेस...

-नई दिल्ली समेत अन्य इलाकों में भी प्रतिबंध लागू होने पर यातायात व्यवस्था बिगड़ी नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। सीजेपी के संसद मार्च के कारण सोमवार को नई दिल्ली में भीषण ट्रैफिक जाम लगा रहा। कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल में प्रदर्शनकारियों के जमा होने से लोग तीन से चार घंटे तक फंसे रहे। मार्च के मद्देनजर एहतियातन राजधानी के कई मार्गों पर अचानक प्रतिबंध लगाए गए, जिससे बाकी इलाकों में भी यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। शाम तक स्थिति सामान्य करने में ट्रैफिक पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
यातायात नियमों का उल्लंघन
संसद के मानसून सत्र और सीजेपी मार्च को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पहले ही संसद के आसपास प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर ली थी और लोगों को सचेत करने के लिए एडवाइजरी भी जारी की थी। सोमवार सुबह पुलिस संसद भवन के आसपास व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही, लेकिन जैसे ही प्रदर्शनकारी कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल में जमा होने लगे, वहां वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई। बाराखंबा रोड पर सिग्नल मैनुअली चलाना पड़ा और यह सड़क पूरी तरह जाम रही। आउटर सर्किल के जाम का असर आसपास की जोड़ने वाली सड़कों पर भी पड़ा। नोएडा से बाइक पर कीर्ति नगर जा रहे एक व्यक्ति ने बताया कि वे तीन घंटे से एक ही जगह खड़े हैं। परिवार सहित बंगला साहिब जा रहे एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि वे दो घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। कस्तूरबा गांधी मार्ग और हेली रोड पर भी शाम तक यही हाल रहा। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने आईपी फ्लाईओवर से पहले विकास मार्ग पर बैरिकेड लगाकर आईटीओ जाने वाले वाहनों को रिंग रोड की ओर डायवर्ट किया, ताकि वे भैरों मार्ग व मथुरा रोड से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। इसी तरह बहादुरशाह जफर मार्ग पर सिग्नल के पास डीडीयू मार्ग बंद कर दिया गया, जिससे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वालों को दिक्कत हुई। नई दिल्ली स्थित सरकारी-निजी दफ्तरों के कर्मचारी सुबह किसी तरह कार से पहुंचे थे, लेकिन शाम को जाम देखकर कई लोगों ने कारें दफ्तर में ही छोड़कर मेट्रो से घर लौटना बेहतर समझा। इंडिया गेट के आसपास का रास्ता खुला रहने से वहां लोगों को कुछ राहत मिली।
जाम का विस्तृत विवरण
एनएच-नौ पर भी बैरिकेडिंग लगाकर नजर रखी गई, इससे यातायात धीमा रहा। अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन के पास नोएडा की ओर जाने वाले मार्ग पर भी भारी जाम देखने को मिला। इसके अलावा एम्स और सफदरजंग अस्पताल के पास रिंग रोड फ्लाईओवर पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पटेल चौक गोलचक्कर पर भी यातायात थमा रहा, जिससे राहगीरों को खूब परेशानी हुई।
शाम के समय जाम की स्थिति
शाम होते-होते राजधानी के कई अन्य हिस्सों में भी जाम की स्थिति बनी रही। द्वारका मोड़ चौराहे से मुख्य नजफगढ़ रोड पर विशाल मेगा मार्ट के सामने मेट्रो पिलर नंबर 800 तक वाहन रेंगते नजर आए। वहीं ओखला स्थित ईएसआईसी रोड पर भीषण जाम लगा, जहां लोगों ने एक्स पर ट्रैफिक पुलिस को शिकायत करते हुए तुरंत टीम भेजे जाने की मांग की। सीडीआर चौक पर भी सिग्नल की समस्या सामने आई, जहां करीब 12 मिनट से लगातार लाल बत्ती जलने की शिकायत मिली और हरी बत्ती का इंतजार करते वाहन चालक परेशान दिखे। उत्तम नगर रेड लाइट पर भी वाहनों को पार होने में करीब 20 मिनट का समय लग गया। मां आनंदमयी मार्ग पर भी भारी जाम के चलते लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली-गुरुग्राम सीमा पर एनएच-48 पर उद्योग विहार से महिपालपुर के बीच भी 40 से 50 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे दोनों शहरों के बीच आवागमन प्रभावित हुआ।
------
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


