एनएच-80 पर भीषण हादसा, दो ट्रकों और स्कार्पियो के उड़े परखच्चे
मुंगेर में राष्ट्रीय उच्च पथ 80 पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। दो ट्रकों और एक स्कार्पियो की भिड़ंत में किसी की जान नहीं गई, लेकिन कई लोग घायल हुए। दुर्घटना के बाद जाम के कारण लोग घंटों तक परेशान रहे। स्थानीय प्रशासन ने जल्द ही यातायात को बहाल करने के लिए कार्रवाई की।

मुंगेर, निज संवाददाता। राष्ट्रीय उच्च पथ 80 (एनएच-80) पर शुक्रवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेलिया तालाब के समीप दो अनियंत्रित ट्रकों और एक स्कार्पियो के बीच सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक और स्कार्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके चक्के तक निकल गए। इस हादसे के बाद से ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा देर रात करीब 12.30 बजे के बाद हुआ। सन्नाटे को चीरती हुई गाड़ियों के टकराने की आवाज इतनी तेज थी कि, आसपास के लोग सहम गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मचने के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान जाने की खबर नहीं है, लेकिन स्कार्पियो और ट्रकों में सवार लोगों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक एवं स्कार्पियों पर सवार लोग मौके से निकल गये। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कार्पियो की हालत देखकर यह चमत्कार ही है कि उसमें सवार लोग सुरक्षित बच गए।
दुर्घटना का प्रभाव
दुर्घटना के बाद एनएच-80 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। रात से ही सड़क के दोनों तरफ ट्रकों, बसों और यात्री वाहनों का रेला लगा हुआ था। सुबह होते-होते जाम की स्थिति और भी भयावह हो गई। इस दुर्घटना के कारण सड़क जाम रहने से कई स्कूल वाहन और बसें भी महाजाम में फंस गईं, जिससे बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। वहीं दूसरी ओर, अपनी ड्यूटी और दफ्तर जाने वाले कर्मियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और लोग घंटों जाम में हलाकान होते रहे।
प्रशासन की कार्रवाई
क्रेन से हटाई गई गाड़ियां: मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और यातायात पुलिस की टीम सुबह ही मौके पर पहुंची। सड़क के बीचों-बीच फंसे दोनों भारी ट्रकों को हटाने के लिए बड़ी क्रेन मंगवाई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गाड़ियों को सड़क किनारे कर जल्द से जल्द यातायात को सुचारू रूप से बहाल करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर करीब 12 बजे यातायात सामान्य रूप से बहाल हो पाई।
पुलिस का बयान
बोले अधिकारी दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही यातायात पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर लग गई। क्रेन के जरिए बीच सड़क पर फंसे हुए ट्रकों को निकलवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया गया। इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है। वाहन चालकों का भी पता किया जा रहा है।
प्रभात रंजन, यातायात डीएसपी, मुंगेर


