घाटशिला अनुमंडल में लगातार बारिश से कई पुल-पुलिया डूबे
घाटशिला अनुमंडल में पिछले पांच दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है और प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे जाने से मना किया है। ग्रामीण पुलिया पार करने में जोखिम उठा रहे हैं।

घाटशिला। घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र में पिछले पांच दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के कारण नदी-नाले एक बार फिर उफान पर हैं और स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए गालूडीह बराज के 10 फाटक खोल दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से लगातार मछुआरों समेत लोगों को नदी किनारे नहीं जाने की अपील की जा रही है। जानकारी के अनुसार, स्वर्णरेखा नदी इस वर्ष फिलहाल सबसे विकराल रूप में नजर आ रही है। वहीं, घाटशिला के दामपाड़ा क्षेत्र के कई नदी-नाले भी उफान पर हैं।
बांकी पंचायत को बड़ाजुड़ी पंचायत से जोड़ने वाली देवली पुलिया के ऊपर करीब तीन से चार फीट पानी बह रहा है। इसके बावजूद ग्रामीण और स्कूली छात्र-छात्राएं जान जोखिम में डालकर पुलिया पार कर रहे हैं। बड़ाजुड़ी से देवली पहुंचने के लिए दूसरा कोई सीधा रास्ता नहीं बचा है। वैकल्पिक मार्ग से जाने पर लोगों को करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।


