मूसलाधार बारिश से चरमराई बिजली व्यवस्था, शहर से लेकर गांव तक अंधेरे में डूबे
राजधानी में हुई तेज बारिश ने बिजली विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी है। कई प्रमुख इलाकों में घंटों बिजली गुल रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई। ग्रामीण अंचलों में भी स्थिति गंभीर थी, जहां 100 से अधिक गांवों को अंधेरे में रहना पड़ा। उपभोक्ता समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं।

राजधानी में गुरुवार को हुई तेज बारिश ने बिजली विभाग की तैयारियों की पूरी तरह से पोल खोल दी। तेज हवाओं और झमाझम बारिश के कारण पेड़ गिरने, तार टूटने और खंभे क्षतिग्रस्त होने से शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई। इससे जानकीपुरम, आलमबाग, गोमतीनगर, चिनहट, पारा और दुबग्गा सहित कई प्रमुख इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। शाम के समय बत्ती गुल होने से घरों में पानी की आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। त्रस्त उपभोक्ताओं ने उपकेंद्रों और टोल फ्री नंबर 1912 पर लगातार शिकायतें कीं, लेकिन अधिकारियों के सीयूजी नंबर लगातार व्यस्त बताते रहे। बारिश के कारण इंजीनियरिंग कॉलेज उपकेंद्र के सिंकदरपुर फीडर पर एक भारी पेड़ गिरने से बड़े इलाके में अंधेरा छा गया। इसी तरह भीखमपुर का निशातगंज फीडर, अहिबरनपुर उपकेंद्र का गल्ला मंडी व खदरा, और ऐशबाग के राम नगर व धोबी घाट फीडर भी ब्रेकडाउन का शिकार हो गए। जानकीपुरम विस्तार (सेक्टर-छह) में 220 केवी पैगरामऊ ट्रांसमिशन से सप्लाई फेल हो गई। तालकटोरा इलाके में 11 केवी श्याम बहार अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट आ गया। इसके अलावा मंत्री आवास, आशियाना (विधि संस्थान) और वैद्यस्टील (अंबेडकर) फीडर भी पूरी तरह से ठप पड़ गए。
ग्रामीण अंचलों में 100 से अधिक गांव रहे अंधेरे में
ग्रामीण और बाहरी इलाकों में स्थिति और भी बदतर रही। रहीमाबाद में सुबह से हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण दोपहर ढाई बजे जिन्दौर, कैथूलिया और नत्थू खेड़ा सहित करीब 50 गांवों की बिजली गुल हो गई। पांच घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली कर्मी लाइन का फॉल्ट नहीं तलाश सके। दूसरी ओर, नगराम में समेसी उपकेंद्र के बहरौली फीडर में खराबी आने से हरदोइया, मुकुंदखेड़ा सहित अन्य 50 गांव करीब आठ घंटे तक अंधेरे में डूबे रहे। जेई आशीष कुमार ने बताया कि 20 से 25 किलोमीटर लंबी लाइन में फॉल्ट ढूंढने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
उमस से बेहाल हुए मलिहाबाद और गोसाईगंज के लोग
मलिहाबाद में रहिमाबाद पावर हाउस की 33 केवीए भूमिगत केबल में तकनीकी खराबी आने से मिर्जागंज, तहसील और नवीन मंडी फीडर ठप हो गए। भीषण उमस और लगातार बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने अब इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। इसी तरह गोसाईगंज में भी तेज बरसात के कारण जगमोहनपुरवा, चांद सराय, कबीरपुर और मलौली सहित कई गांवों की बत्ती गुल रही। हालांकि, कड़ी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे में यहां की आपूर्ति बहाल कर ली गई।


