चिलचिलाती धूप व उमसभरी गर्मी से जनजीवन बेहाल, बिजली संकट ने बढ़ाई मुश्किलें
जिले में चिलचिलाती धूप और उमसभरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। बारिश के आसार कम हैं, जिससे उमस और गर्मी बढ़ रही है।

शंभू नाथ ठाकुर मधुबनी,हिन्दुस्तान टीम। जिले में चिलचिलाती धूप और उमसभरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दिन और रात के तापमान में अंतर लगभग समाप्त होता दिख रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौनी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। खासकर लो वोल्टेज और बार-बार फ्यूज उड़ने की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि रात में पंखा और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग केवल जरूरी कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने का जूस, शिकंजी और शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं। भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। अस्पतालों और क्लीनिकों में दस्त, बुखार, कमजोरी, थकान, पेट दर्द और पेट खराब के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि यदि तापमान में और वृद्धि हुई तो हीट स्ट्रोक व लू के मामलों में भी इजाफा हो सकता है。
अच्छी बारिश के आसार कम
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में मानसून का प्रवेश हो चुका है, लेकिन कमजोर मौसम प्रणाली के कारण उत्तर बिहार में अच्छी वर्षा की संभावना फिलहाल कम है। 17 जून तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने तथा कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। हालांकि व्यापक और संतोषजनक बारिश के संकेत नहीं हैं। बारिश में देरी के कारण गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही है, जिससे आमजन के साथ पशु-पक्षी और पेड़-पौधे भी प्रभावित हो रहे हैं।


