सरायकेला में खरकई नदी का रौद्र रूप: उद्घाटन से पहले ही बाढ़ में डूबा करोड़ों का ''छऊ पार्क'', कई रास्ते ठप्प
सरायकेला में सोमवार से हो रही भारी बारिश के कारण खरकई नदी ने बाढ़ का रूप धारण कर लिया है। नदी का जलस्तर खतरे से ऊपर चला गया है, जिससे तीन प्रमुख पार्क और कई रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए हैं। प्रशासन लोगों से तटीय क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहा है।

सरायकेला। सोमवार शाम से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण खरकई नदी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर चुका है, जिससे आसपास के निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ के इस कहर से क्षेत्र के तीन प्रमुख पार्कों को भारी नुकसान पहुंचा है और करोड़ों रुपये की लागत से हुआ सौंदर्यीकरण पानी में बह गया है। बाढ़ का सबसे बड़ा असर सरायकेला में नवनिर्मित ''छऊ पार्क'' पर पड़ा है। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस भव्य पार्क का अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ था कि खरकई नदी के उग्र रूप ने इसे अपनी चपेट में ले लिया।
नदी के तेज बहाव ने पार्क की मजबूत बाउंड्री को तोड़ दिया और पानी अंदर तक लबालब भर गया। बाढ़ का बहाव इतना तेज था कि बाउंड्री पर लगी लोहे की रैलिंग भी पानी में बह गई। सिर्फ छऊ पार्क ही नहीं, बल्कि माजना घाट मंदिर परिसर में बना पार्क और उसके बगल में स्थित एक अन्य पार्क भी पूरी तरह जलमग्न हो गया है। इन तीनों पार्कों के डूबने से इनके सौंदर्यीकरण पर खर्च हुए करोड़ों रुपये पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं।बाढ़ का पानी अब रिहायशी इलाकों की तरफ बढ़ने लगा है। धोबासाई इलाके में पानी घुस चुका है। धोबासाई से लेकर श्मशान काली मंदिर की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क पर करीब 3 फीट तक पानी बह रहा है, जिसके कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है। वही, तीतिरविला स्थित पुराना पुलिया भी सोमवार रात से ही जलमग्न है। पुराने पुल के ऊपर से 3 फीट पानी बह रहा है, जिससे वहां से गुजरना नामुमकिन हो गया है। हालांकि, नए पुल से फिलहाल वाहनों का आवागमन जारी है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से तटीय इलाकों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

