राजौरी में मूसलाधार बारिश ने बरपाई मुसीबत

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

राजौरी, जम्मू कश्मीर में बारिश के कारण बाढ़ आई, जिससे सैकड़ों लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए। कई नदियां उफान पर हैं और 14 लोगों को बचाया गया। नगालैंड के मोन जिले में भूस्खलन और बाढ़ से तीन लोग मारे गए। राहत कार्य चल रहा है।

राजौरी में मूसलाधार बारिश ने बरपाई मुसीबत

जम्मू कश्मीर के राजौरी में शनिवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश के बाद रविवार सुबह अचानक बाढ़ आ गई। बाढ़ का पानी इलाके के निचले इलाकों में भर गया है। लगातार हो रही बारिश के करण कई नदियां और नाले उफान पर हैं। अधिकारियों ने बताया कि सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, दरहाली, खांडली, सुकतोह और जमोला सहित राजौरी की सभी प्रमुख नदियों में बाढ़ आ गई। इनमें से अधिकांश नदियां खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं और कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। उन्होंने बताया कि दरहाली नदी ने बेला कॉलोनी के पास बाढ़ सुरक्षा दीवार को तोड़ दिया, जिससे बाढ़ का पानी नए बस अड्डे में घुस गया और वहां खड़े कई वाहन बह गए या डूब गए।

बाढ़ का प्रभाव

वहीं, अब्दुल्ला ब्रिज के पास स्थित झुग्गी बस्ती भी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुई, जहां पानी घरों में घुस जाने के कारण 50 से अधिक परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। तारिक ब्रिज के पास का इलाका भी जलमग्न हो गया, जिसके बाद पुलिस ने लोगों को नदी किनारे और निचले क्षेत्रों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना

अधिकारियों ने बताया कि बचाव एवं राहत दल स्थानीय प्रशासन की सहायता से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय कांग्रेस विधायक इफ्तिखार अहमद ने कहा कि इस बाढ़ से सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, हमारी टीमें लगभग हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई कर रही हैं। फिलहाल हमारी प्राथमिकता किसी भी तरह की जनहानि को रोकना है। संपत्ति को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन वास्तविक नुकसान का आकलन पानी का स्तर कम होने के बाद ही किया जा सकेगा।

लोगों को सतर्क रहने का परामर्श

पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं और नदी किनारे तथा निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। जिला प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने का परामर्श जारी किया है। साथ ही स्थिति पर नजर रखने और प्रभावितों की मदद के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।

नदियों में फंसे लोगों का बचाव

जम्मू और राजौरी जिलों के विभिन्न हिस्सों में उफान पर आई नदियों में फंसे पांच बच्चों समेत 14 लोगों को रविवार को सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू में पीर खो मंदिर के पास तवी नदी में नहाने गए तीन युवक अचानक जलस्तर बढ़ने से फंस गए थे। पुलिस, सेना और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के संयुक्त अभियान में जम्मू के रणदीप सिंह और मुनीश शर्मा तथा बिहार निवासी उनके मित्र विकास कुमार को सुरक्षित बचा लिया गया। एक अन्य बचाव अभियान में सेना के जवानों ने पुलिस और एसडीआरएफ के साथ मिलकर राजौरी जिले के धनगरी क्षेत्र में बाढ़ से उफनाई धनगरी नदी में फंसे दो युवकों तथा थानामंडी क्षेत्र में फंसे नौ अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

--------------------------------

नगालैंड के मोन जिले में बाढ़-भूस्खलन से तबाही, तीन की मौत

कोहिमा, एजेंसी।

नगालैंड के मोन जिले में रविवार को मूसलाधार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही हुई। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन से कई मकान और सड़कें बह गईं जबकि कई लोग मलबे में दब गए।

राहत कार्य की शुरुआत

नगालैंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी जॉनी रुआंगमेई ने बताया कि रविवार तड़के से लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव हो गया। पहाड़ी ढलानों पर हुए भूस्खलन से प्रमुख सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे यातायात बाधित हो गया। प्रभावित इलाकों के परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है और राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इस आपदा में लोगों की मौत और हुए नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), पुलिस और असम राइफल्स की टीम खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

राजौरी में बाढ़ के कारण कितने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया?
सैकड़ों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Sawan 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candisates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।