अरेराज:नवादा गांव की सड़क पर बह रहा दो फीट तक पानी
अरेराज में गंडक नदी का जलस्तर चार फीट तक कम हुआ है, लेकिन बाढ़ का संकट पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। नवादा गांव में लगभग दो फीट पानी बह रहा है, जिससे जन जीवन प्रभावित है। पीड़ित ग्रामीण प्रशासन की सहायता से संतुष्ट नहीं हैं और महामारी का खतरा उन्हें सता रहा है।

अरेराज । गंडक नदी के रौद्र रूप में शुक्रवार को थोड़ी नरमी देखी गई और पानी का स्तर लगभग चार फीट तक कम हो गया है। जलस्तर घटने से अधिकांश घरों से बाढ़ का पानी निकल चुका है और अरेराज-पटना स्टेट हाईवे पर वाहनों का परिचालन भी पूरी तरह चालू कर दिया गया है। इसके बावजूद, प्रखंड में बाढ़ का संकट पूरी तरह टला नहीं है। नवादा गांव की सड़कों पर अभी भी लगभग दो फीट तक बाढ़ का पानी तेजी से बह रहा है। गांव के चारों तरफ और लोगों के दरवाजों पर भारी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट सका है। बाढ़ की विभीषिका का सबसे दर्दनाक मंजर अरेराज-पटना स्टेट हाईवे पर देखने को मिल रहा है। नवादा पंचायत के वार्ड संख्या 12 के प्रभावित ग्रामीण भरी पासवान, दुखी पासवान, मनोज पासवान, बुधन पासवान सरिता पासवान और मंजू देवी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि गंडक नदी की बाढ़ ने उनका आशियाना छीन लिया है। ये सभी पीड़ित पिछले लगभग एक सप्ताह से इस हाईवे के किनारे खुले आसमान के नीचे रातें काटने को मजबूर हैं。
तटबंध और सड़कों पर शरण लिए इन पीड़ितों
तटबंध और सड़कों पर शरण लिए इन पीड़ितों ने प्रशासनिक दावों की पोल खोलते हुए बताया कि खुले आसमान के नीचे रहने के बावजूद उन्हें प्रशासन की तरफ से न तो प्लास्टिक मिली है और न ही तिरपाल। हालांकि, राहत के नाम पर संचालित सामुदायिक किचन में दो समय का खाना जरूर मिल रहा है, लेकिन भोजन की गुणवत्ता से वे संतुष्ट नहीं हैं। पीड़ितों के अनुसार बाहर से खाना मंगवा कर खाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कभी-कभी कोई सड़क से गुजरते हुए कतिपय लोग रहम खाकर बिस्किट और पीने का पानी बांट देते हैं, जिससे किसी तरह उनका गुजारा चल रहा है।
गंदे पानी के कारण महामारी फैलने से सहमे लोग
बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम होने के साथ ही अब क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या स्वास्थ्य को लेकर खड़ी हो गई है। गांव के चारों ओर, गलियों और दरवाजों पर जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण इलाके में महामारी फैलने का तीव्र भय सता रहा है। जलजनित बीमारियों जैसे डायरिया, त्चचा रोग, मलेरिया और डेंगू के प्रकोप की आशंका से ग्रामीण बेहद डरे हुए हैं। प्रभावितों का कहना है कि अगर समय रहते ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और मेडिकल कैंप की व्यवस्था नहीं की गई, तो स्थिति और भयावह हो सकती है।
बाढ़ पीड़ितों की समस्या को लेकर प्रशासन गंभीर
दूसरी तरफ, जमीनी हकीकत और पीड़ितों की शिकायतों के बीच प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी का दावा कर रहा है। मामले को लेकर स्थानीय एसडीएम सुजित कुमार और सीओ विनोद कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रशासन बाढ़ प्रभावितों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है। अधिकारियों का दावा है कि प्रभावित इलाकों में सभी तरह की आवश्यक सुविधाएं तत्परता से मुहैया की जा रही हैं और कम्युनिटी किचन के माध्यम से लोगों तक भोजन पहुंचाया जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है。

