बरेली मंडल में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
बरेली मंडल में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। चारों जिलों में जलभराव और बिजली व्यवस्था ठप हो गई है। पीलीभीत में नदियों का जल स्तर बढ़ गया है, जिसके कारण बाढ़ का खतरा है। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए वाहनों और नावों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है।

बरेली। बरेली मंडल के चारों जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बरेली समेत मंडल के चारों जिलों की कालोनियां जलमग्न हो गईं हैं। ऑफिसों में पानी भर गया। बारिश से बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। ज्यादातर इलाकों में आपूर्ति ठप है। जल निकासी न होने से जलभराव के हालात हैं। घरों में पानी घुस गया है। पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं में बाढ़ के हालात हैं। शाहजहांपुर में रामगंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बदायूं में कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बदायूं और पीलीभीत में मकान गिरने से लोग घायल हो गए हैं। पीलीभीत में बाढ़ का खतरा मंडराया, शारदा में 1.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया
बाढ़ की स्थिति
पीलीभीत। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और पहाड़ों से छोड़े गए पानी ने जिले की नदियों का जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ा दिया है। शारदा नदी में 1 लाख 28 हजार क्यूसेक और देवहा नदी में 20 हजार क्यूसेक पानी रिलीज किया गया है, जिससे शहर और देहात क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
प्रशासन की तैयारी
लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर जर्जर कच्चे मकान नमी के चलते गिर गए हैं। पूरनपुर क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। जिले के अमरिया, जहानाबाद, मझोला, नूरिया, बरखेड़ा, बीसलंडा, पूरनपुर और शहर मुख्यालय पर पूरी रात झमाझम बारिश हुई। सभी नदियां उफान पर है। बारिश के चलते शारदा, देवहा, खकरा और घाघरा समेत सभी नदियां उफान पर हैं। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन ने एहतियातन नदियों के आसपास लोगों के जाने पर रोक लगा दी है और नदियों में नाव संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इस पर सख्ती से निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
स्थिति की गंभीरता
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आज सुबह एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रसून द्विवेदी ने शहरी क्षेत्र में देवहा नदी के किनारे पहुंचकर जलस्तर का निरीक्षण किया।वहीं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा भी ट्रांस शारदा और अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर निकल चुके हैं। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं कि बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखा जाए और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जाए।
बड़ा हादसा
तांगा चालक के मकान का लेंटर गिरा, बचा परिवार
बदायूं। फैजगंज कस्बे के वार्ड नंबर नौ में बारिश के चलते बड़ा हादसा हो गया। तांगा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले शराफत सलमानी के मकान का लिंटर अचानक भरभरा कर गिर गया। गनीमत यह रही हादसे में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन परिवार के कुछ सदस्यों को अंदरूनी (गुम) चोटें आई हैं।
जिस समय मकान का लेंटर गिरा, उस वक्त घर के अंदर कुल नौ सदस्य मौजूद थे, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल थे। अचानक हुए इस हादसे से घर में चीखपुकार मच गई। गनीमत रही कि हमदु समा सहित परिवार के अन्य लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि घर की एक लड़की को चोटें आई हैं। घटना के समय दोनों छोटे बच्चे भी सुरक्षित बच गए। पीड़ित शराफत सलमानी तांगा चलाकर ही अपने बड़े परिवार का पेट पालते हैं। शराफत ने बताया कि इस हादसे में उनकी जीवन भर की पूंजी छिन गई। मलबे के नीचे दबकर गृहस्थी के सामान के साथ-साथ बच्चियों के लिए पाई-पाई जोड़कर इकट्ठा किया गया दहेज का सारा सामान भी टूटकर बर्बाद हो गया है.


