चिंताजनक : अंधेरे में नई सुबह की उम्मीद लिए रात गुजार रहे बाढ़ पीड़ित
प्रखंड के तीन दर्जन बाढ़ प्रभावित इलाके में स्थिति विकराल होती जा रही है। पेयजल और भोजन का संकट उत्पन्न हो गया है। लोग मजबूरन नदी का पानी उबालकर इस्तेमाल कर रहे हैं। कई पंचायतों में बिजली नहीं है और शौचालय की व्यवस्था नहीं की गई है। भाजपा नेता ने जल संसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

पारू, हिन्दुस्तान संवाददाता। प्रखंड के तीन दर्जन बाढ़ प्रभावित इलाके में स्थिति विकराल होती जा रही है। पेयजल से लेकर भोजन तक का संकट उत्पन्न हो गया है। शरणस्थली के पास भी पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। मजबूरन लोग नदी के पानी को उबालकर पीने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। अंधेरे में अगली सुबह की उम्मीद लिए करीब पांच हजार बाढ़ पीड़ित रात गुजारने को मजबूर हैं। सामाजिक कार्यकर्ता विधानचंद्र यादव ने बताया कि प्रशासन की घोर लापरवाही है। मात्र एक पानी का टैंकर जयमल डुमरी पंचायत में आया है, जो टैंकर गड्ढे में फंसा हुआ है।
बिजली की समस्या
जयमल डुमरी, चिंतावनपुर, उस्ती, फतेहाबाद, चंदकेवारी एवं चक्की सोहागपुर पंचायतों में बीते तीन दिनों से बिजली नहीं है। बिजली नहीं रहने के कारण लोगों का मोबाइल डिस्चार्ज हो गया है, जिस कारण लोगों का अपनों से संपर्क कट गया है। ग्रामीण राजकुमार अंकुश सिंह, रमेश सिंह, राजकुमार पासवान, शिवपूजन सहनी आदि बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि बांध टूटने और कई जगह बांध के ऊपर से पानी बहने के कारण बड़ी संख्या में लोग बांध पर शरण लिए हुए हैं। सबसे बड़ी समस्या शौचालय की हो गई है।
शौचालय की व्यवस्था
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार आग्रह के बावजूद बाढ़ पीड़ितों के लिए चलंत शौचालय की व्यवस्था नहीं की गई है। सभी चापाकल और सबमर्सिबल पानी में डूब गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शाम के समय कम से कम जेनरेटर चलाने की मांग की है, ताकि अंधेरे से राहत मिलने के साथ मोबाइल चार्ज किया जा सके। इधर, सीओ विश्वजीत निलंकार ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों की समस्या से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया जा चुका है।
जल संसाधन विभाग की लापरवाही
भाजपा नेता प्रो. अनिल कुमार सिंह ने गंडक में आई भीषण बाढ़ को लेकर जल संसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वे गुरुवार को जयमल डुमरी पंचायत के तेजा डुमरी गांव में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भविष्य में बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए गंडक नदी के तटबंधों को मजबूत करने के साथ उनकी ऊंचाई बढ़ाने की जरूरत है।

