बाढ़ का कहर...गंगा का जलस्तर घटा, नए इलाकों में तेजी से फैल रहा बाढ़ का पानी
14 पंचायतों में 97,230 लोग हैं प्रभावित 34 जगहों पर चल रही सामुदायिक रसोई

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। कहलगांव में गंगा के जलस्तर में काफी धीमी गति से कमी के बावजूद बाढ़ की स्थिति भयावह बनी हुई है। नए इलाकों में लगातार बाढ़ का पानी फैल रहा है। बुधवार की रात मोहनपुर गोघट्टा पंचायत के गोघट्टा, कचहरिया और बुद्धूचक गांव भी बाढ़ की चपेट में आ गए। चायटोला और मसदाहा गांव के कुछ घरों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। चारों ओर बाढ़ का पानी ही दिखाई दे रहा है। प्रखंड की 14 पंचायतों में अब तक 97,230 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 34 जगहों पर सामुदायिक रसोई का संचालन किया जा रहा है।
हालांकि, जिन पंचायतों में 50 से 100 घर ही बाढ़ से प्रभावित हैं, वहां रहने वाले पीड़ित परिवारों को अब तक समुचित राहत नहीं मिल पा रही है।अंचलाधिकारी श्रीनिवास कुमार ने बताया कि बीरबन्ना पंचायत में सात, अंतीचक में तीन, किसनदासपुर में चार, घोघा में सात, पक्कीसराय में पांच, भोलसर में तीन, जानीडीह में तीन, प्रशस्तडीह में एक और नगर पंचायत में एक सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही है।


