जिले की 76 पंचायतें टीबी मुक्त, अब गांव-गांव जागरूकता फैलाएगी जोश टीम
सीवान जिले को टीबी उन्मूलन अभियान में बड़ी उपलब्धि मिली है। 76 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से पत्र जारी किया गया है। अब जनभागीदारी और जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी है। जोश टीमों की शुरुआत आठ अक्टूबर से होगी।

सीवान, निज प्रतिनिधि। टीबी उन्मूलन अभियान में जिले को बड़ी उपलब्धि मिली है। जिले की 76 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से इस संबंध में पत्र जारी किया गया है। अब इस उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए टीबी के खिलाफ जनभागीदारी और जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए आठ अक्टूबर से जोश टीमों की शुरुआत होगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आंदर की चार, बसंतपुर की तीन, भगवानपुर हाट की चार, दरौली की नौ, दरौंदा की एक, गुठनी की पांच, हुसैनगंज की दो, लकड़ी नवीगंज की तीन, हसनपुरा की तीन, महाराजगंज की 10, मैरवा की आठ, नौतन की छह, रघुनाथपुर की चार, सिसवन की दो, सीवान सदर की आठ और जीरादेई की दो पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है। बताया गया कि यह उपलब्धि समय पर जांच, उपचार, बीमारी की रोकथाम और लगातार चलाए गए जागरूकता कार्यक्रमों का परिणाम है।
प्रखंड और वार्ड स्तर पर जोश टीमों का गठन
टीबी के खिलाफ जनजागरूकता अभियान को मजबूत करने के लिए प्रखंड और वार्ड स्तर पर जोश टीमों का गठन किया जाएगा। प्रत्येक टीम में पांच माई भारत स्वयंसेवक और पांच एनसीसी कैडेट होंगे। टीमों का नेतृत्व नामित कक्षा-1 स्तर के नोडल अधिकारी करेंगे। सदस्य लोगों से संवाद कर टीबी के लक्षण, जांच और उपचार से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी देंगे। साथ ही भ्रांतियों को दूर करने और जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में सहयोग करेंगे। जोश टीमों के लिए विशेष मोबाइल एप उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से टीमों की मैदानी गतिविधियों की वास्तविक समय में रिपोर्टिंग होगी।
क्या कहते हैं सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने कहा कि 76 पंचायतों का टीबी मुक्त होना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इसे बनाए रखना अगली चुनौती है। लगातार जागरूकता, निगरानी, जांच और समय पर उपचार के माध्यम से अन्य पंचायतों को भी टीबी मुक्त बनाने का प्रयास जारी रहेगा।

