ट्रक की कट लगने से ऑटो पलटा मां बेटे समेत सात घायल
जसवंतनगर में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरसेना गांव के पास एक ट्रक के कट लगने से ऑटो पलट गया। इस हादसे में मां-बेटे समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर स्थिति में दो महिलाओं को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जसवंतनगर,संवाददाता। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुरसेना गांव के पास शुक्रवार को ट्रक की कट लगने से एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मां-बेटे समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। यहां गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को प्राथमिक इलाज के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि धरवार गांव निवासी संतोष कुमार की 50 वर्षीय पत्नी शशि देवी अपने 25 वर्षीय पुत्र कुलदीप के साथ ऑटो में सवार थीं। कुलदीप ऑटो चला रहा था। उनके साथ फिरोजाबाद जिले के जसराना थाना क्षेत्र के पाडम गांव निवासी बहन रेखा पत्नी होशियार सिंह दूसरी बहन अस्मिता पत्नी कुलदीप 16 वर्षीय भांजी नेन्शी, 17 वर्षीय शालिनी,22 वर्षीय नीलम पुत्री संतोष कुमार भी सवार थीं।
सभी लोग क्षेत्र के धरवार गांव से औरैया जिले के अनंत राम टोल प्लाजा के पास स्थित सोनासी गांव जा रहे थे।राजमार्ग पर कुरसेना गांव के पास पहुंचते ही एक ट्रक की कट लगने से ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में शशि देवी के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आने के साथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं रेखा के हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोट आई तथा कंधे में फ्रैक्चर हो गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।


