सेना के भंडार से हथियार चोरी, तीन सैनिकों समेत सात गिरफ्तार
तेलंगाना के मलकाजगिरी की पुलिस ने सिकंदराबाद में मद्रास रेजिमेंट की 20वीं बटालियन के भंडार से हथियार चोरी करने के आरोप में तीन सैन्यकर्मियों सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने चोरी के हथियारों का इस्तेमाल बैंक और आभूषण की दुकानों को लूटने के लिए करने की योजना बनाई थी।

हैदराबाद, एजेंसी। तेलंगाना के मलकाजगिरी की पुलिस ने सिकंदराबाद के बोलारम स्थित मद्रास रेजिमेंट की 20वीं बटालियन के भंडार से हथियार, गोला-बारूद चोरी में तीन सैन्यकर्मियों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
इनकी पहचान आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के मार्कापुरम निवासी 36 वर्षीय सिपाही कोंडुरी शेषुलु, 34 वर्षीय नायक विनोद कुमार, महबूबनगर जिले के गुंडलापोट्टापल्ली के 37 वर्षीय हवलदार कुचराकांति प्रवीण, कोलकाता स्थित बैरकपुर के 32 वर्षीय अवि डे उर्फ ओबी, 27 वर्षीय बिरबल शाह, तेलंगाना के नागरकर्नूल जिले के 39 वर्षीय उप्पुतोल्ला मल्लिकार्जुन और 39 वर्षीय चेम्माकर निरंजन के रूप में हुई है। इनमें तीन सेना के मद्रास रेजिमेंट में तैनात हैं। मलकाजगिरी की पुलिस आयुक्त बी. सुमति ने यह जानकारी दी। ये गिरफ्तारियां मद्रास रेजिमेंट की 20वीं बटालियन के 37 वर्षीय सेवानिवृत्त हवलदार उप्पुतोल्ला मल्लेश से 10 दिन तक हिरासत में पूछताछ के बाद की गईं। उसे 11 सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस आयुक्त ने बताया, 31 अगस्त को सेना के भंडार के ताले टूटे मिले तो चोरी का पता चला था।
गिरफ्तारियों का उद्देश्य
बैंक और आभूषण की दुकानें लूटने वाले थे
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी के हथियारों का इस्तेमाल बैंक, आभूषण की दुकाने और बड़े लोगों को लूटने में करने वाले थे। बरामद हथियार में पांच मैगजीन, चार एके-203 राइफल, तीन मैगजीन, एक इंसास राइफल, 12 मैगजीन के साथ छह 9 एमएम पिस्तौल, एक सामान्य पिस्तौल, तीन दूरबीन आदि शामिल हैं। जांच में आतंकवादी या चरमपंथी संगठन से जुड़ाव का संकेत नहीं मिला है।

