17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक शाहजहांपुर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। सहकारिता मंत्री ने वर्चुअल बैठक में कार्यक्रमों की जानकारी दी। पहले दिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें चित्रकला, भाषण प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक नाटक होंगे। 25 गतिविधियों में रक्तदान और पौधरोपण शामिल हैं।

शाहजहांपुर, संवाददाता। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। इसकी तैयारियों और कार्यक्रमों को लेकर सहकारिता मंत्री ने विभागीय अधिकारियों व जिला सहकारी बैंकों के सभापतियों के साथ वर्चुअल बैठक कर दिशा-निर्देश दिए। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में होगी। शाम सात बजे आशीर्वाद का दीया जलाया जाएगा। मेरे सपनों का भारत विषय पर चित्रकला, भाषण प्रतियोगिताएं व प्रदर्शनियां होंगी। नमो सेवा-अनकही कहानियां के तहत सांस्कृतिक नाटक होंगे। आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय आंगनबाड़ी मिलन सेवा उत्सव और सेवा की कहानी के तहत रील्स बनाई जाएंगी। प्रमुख चौराहों पर सेवा ज्योति कलश यात्राएं निकाली जाएंगी।
सेवा मेरा योगदान के तहत रक्तदान, पौधरोपण समेत 25 गतिविधियां होंगी। सहकारी समितियों पर हरिशंकरी के पौधे लगाए जाएंगे। बैठक में अध्यक्ष डीपीएस राठौर, एआर कोआपरेटिव डॉ. गणेश गुप्ता और महाप्रबंधक सौरभ द्विवेदी मौजूद रहे।


