सेवा दिवस के दिन शाम सात बजे सरकारी अस्पताल खुलेंगे
25 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, सात अक्टूबर तक स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान सहित कई स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा

नोएडा, प्रमुख संवाददाता। सेवा दिवस के दिन 17 सितंबर को सभी सरकारी अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र शाम सात बजे तक खुलेंगे। इसके बाद मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा सात अक्टूबर तक स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान सहित कई स्वास्थ्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सेवा दिवस पर आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर आदि शाम सात बजे तक खुले रहेंगे। इसके बाद दीया जलाकर चिकित्सकीय संस्थानों को सजाने का भी काम होगा। कार्यक्रम में आम लोगों को भी जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान 2017 से 2026 तक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धियों का प्रदर्शन भी विभिन्न माध्यमों से स्वास्थ्य विभाग करेगा। उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए 60 सेकंड का वीडियो, रील आदि का सहारा लिया जाएगा। सेवा दिवस के अलावा आंगन मिलन सेवा के तहत 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, एनीमिया, टीकाकरण, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रम आंगनबाड़ी केंद्रों पर होंगे। सेवा सेतु अभियान में पांच से सात दिनों तक स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि शासन की ओर से मिले निर्देशों के अनुसार सभी कार्य किए जाएंगे। इसकी तैयारी की जा रही है。
25 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सा शिक्षा विभाग मिलकर सभी सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करेंगे। इसमें विशेषज्ञ डॉक्टर भी होंगे। मरीजों की जांच, बीमारियों की पहचान आदि के बाद इलाज की सुविधा मिलेगी। साथ ही हेल्थ सर्विस स्टोरी तैयार की जाएगी। इसके तत 5 से 10 परिवर्तनकारी स्वास्थ्य उपलब्धियां लोगों को बताई जाएगी। सभी कार्यक्रमों में सांसद, विधायक, ब्लॉक प्रमुख, आदि को भी शामिल किया जाएगा। सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों में 25 तरह की स्वास्थ्य गतिविधियां आयोजित होगी। स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर काम करने वाली इकाइयां, संस्थान, स्वास्थ्यकर्मी आदि को पुरस्कृत भी किया जाएगा।


