गांधी जयंती पर छात्राओं ने पोस्टर बनाकर स्वच्छता का दिया संदेश
शामली के हिंदू महिला महाविद्यालय में गांधी जयंती और श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्या डॉ. मंजू गर्ग ने छात्राओं को गांधी जी के आदर्शों को अपनाने और स्वच्छता को दैनिक जिम्मेदारी बनाने की प्रेरणा दी। छात्राओं ने परिसर में साफ-सफाई की और विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।

शामली। शहर के हिंदू महिला महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गांधी जयंती एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मंजू गर्ग ने छात्राओं को महात्मा गांधी के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। प्राचार्या ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा, प्रेम और शांति के प्रतीक थे। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने छात्राओं से गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश की एकता, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई की।
छात्राओं ने श्रमदान करते हुए धूल-मिट्टी साफ की और झाड़ियां हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया। इससे पूर्व छात्राओं ने वाद-विवाद, भाषण, कविता और पोस्टर प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग किया। पोस्टर प्रतियोगिता में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा खुशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी छात्राओं से स्वच्छता को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस दौरान महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


