सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान की शुरुआत 17 को
चयनित योजनाओं का अनुमोदन ग्राम सभा की विशेष बैठक में किया जाएगा जिला स्तर पर

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। जिले में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की शुरुआत 17 सितंबर को होगी। यह 31 मार्च तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत पूर्व से स्थित सार्वजनिक परिसंपत्तियों के उन्नयन, सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत के साथ-साथ आवश्यकतानुसार नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाएगा। पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों से संबंधित कार्य 30 नवंबर तक तथा नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण 31 मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में प्राथमिकता के आधार पर लगभग 10 योजनाओं का चयन किया जाएगा। चयनित योजनाओं का अनुमोदन 17 सितंबर को आयोजित ग्राम सभा की विशेष बैठक में किया जाएगा।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर सतत अनुश्रवण किया जाएगा। जिला स्तर पर डीडीसी तथा प्रखंड स्तर पर बीडीओ को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। जिला स्तर पर डीडीसी की अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति गठित की जाएगी।


