सेवा संकल्प अभियान के तहत अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर लोगों को योजनाओं को लाभ दिलाएंगे : धर्मपाल सिंह
गाजियाबाद में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होने जा रही है, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं के लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

गाजियाबाद, मोहित शर्मा। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकारी योजनाओं का पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने के लिए अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर काम करेंगे। इस अभियान की तैयारियों को लेकर रविवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री व पशुधन मंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। जिले के प्रभारी मंत्री व पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाना है। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवा काल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
साथ ही प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के दौरान सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जाएं। मंत्री ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन के 17 सितंबर के दिन से शुरू होगा। बैठक में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान 12 अध्यायों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सेवा दिवस-आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद शामिल हैं। बैठक में महापौर सुनीता दयाल, मोदीनगर विधायक मंजू शिवाच, शहर विधायक संजीव शर्मा, मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, एडिशनल पुलिस कमिश्नर राजकरन नय्यर, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


