3 अगस्त से झार-निबंधन सर्वर अपग्रेड, रजिस्ट्री में लग सकता है अधिक समय
झारखंड में जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए उपयोग होने वाले झार-निबंधन एप्लिकेशन का सर्वर 3 अगस्त से अपग्रेड किया जाएगा। यह कार्य एप्लिकेशन की सुरक्षा और स्थिरता बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। विभाग ने सभी निबंधन कार्यालयों को इसके लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है।

रांची, संवाददाता। झारखंड में जमीन और संपत्ति की रजिस्ट्री के लिए उपयोग होने वाले झार-निबंधन एप्लिकेशन के सर्वर का 3 अगस्त से अपग्रेडेशन किया जाएगा। एनआईसी, पुणे के अनुसार यह कार्य फायरवॉल रिन्यूअल और वल्नरेबिलिटी असेसमेंट (वीए) अनुपालन के तहत एप्लिकेशन की सुरक्षा और स्थिरता बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग की उप निबंधन महानिरीक्षक श्वेता कुमारी ने सभी जिला अवर निबंधकों और अवर निबंधकों को इस संबंध में सूचना भेजी है। विभाग के अनुसार, 3 अगस्त से शुरू होने वाला यह कार्य दो से पांच दिनों तक चल सकता है। इस दौरान उपलब्ध दो वर्चुअल मशीन (वीएम) में से एक को अपग्रेड किया जाएगा, जबकि दूसरी वीएम के माध्यम से रजिस्ट्री का कार्य जारी रहेगा।
हालांकि, ऑनलाइन सेवाएं सामान्य दिनों की तुलना में धीमी रह सकती है, लेकिन रजिस्ट्री का काम पूरी तरह बंद नहीं होगा। विभाग ने सभी निबंधन कार्यालयों को इसके लिए पहले से तैयार रहने का निर्देश दिया है।


