दो बाइक की टक्कर में महिला समेत पांच लोग जख्मी
पाथरडांगा-ब्लॉकरोड में हुई दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार मिला। सभी घायलों को बाद में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

थाना क्षेत्र के पाथरडांगा-ब्लॉकरोड में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में महिलाओं समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया पहुंचाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मंजर आलम की देखरेख में जीएनएम जूली हेंब्रम और जीएनएम लक्खीमुनी मरांडी ने तत्काल प्राथमिक उपचार किया। जानकारी के अनुसार, जोका गांव निवासी 17 वर्षीय रोहिण हेम्ब्रम (पिता राशन हेम्ब्रम) और 17 वर्षीय राहुल हेम्ब्रम (पिता बागान हेम्ब्रम) बाइक से पाकुड़िया बाजार से अपने घर जोका लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई।
दूसरी बाइक पर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सागरदीघी थाना क्षेत्र अंतर्गत जादांड गांव निवासी 60 वर्षीय बसंती सोरेन (पति मिसिल सोरेन) तथा पाकुड़िया थाना क्षेत्र के खागाचूआ निवासी 20 वर्षीय रामेश्वरम सोरेन (पिता सुनील सोरेन) और 35 वर्षीय होपनटी बास्की (पति सुनील सोरेन) सवार थे। इस घटना में दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने घायलों का समुचित प्राथमिक उपचार कर स्थिति बेहतर होने पर सभी को अस्पताल से छुट्टी देकर घर भेज दिया।


