मिर्जामुराद में चालक के झपकी आने से पिकअप कंटेनर में घुसी, चालक-खलासी घायल
मिर्जामुराद के चित्रसेनपुर में मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक को झपकी आने से पिकअप सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई, जिसमें चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटना स्थल से पिकअप हटाई।
मिर्जामुराद। क्षेत्र के चित्रसेनपुर स्थित नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार पिकअप चालक को झपकी आने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे खड़े कंटेनर के पीछे जा घुसी। हादसे में पिकअप चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, कौशांबी जिले के देवीगंज निवासी विक्रम सोनकर (26) अपने साथी आकाश (20) के साथ पिकअप पर आम लादकर मुगलसराय जा रहे थे। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे चित्रसेनपुर के पास चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और पहले से खड़े कंटेनर से पीछे से जा टकराया।टक्कर
इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व खलासी केबिन में फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर कछवा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर वाराणसी की ओर फरार हो गया। सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पिकअप को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।


