फ्लाईओवर पर ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार, चालक गंभीर
रोजा के जमुका फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार कार ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लिया है। ट्रक चालक की तलाश जारी है।

रोजा। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रोजा के जमुका फ्लाईओवर पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दामदौर गांव निवासी कलविंदर अपने साथी के साथ देर रात शाहजहांपुर से जमुका दोराहे की ओर जा रहे थे। जमुका फ्लाईओवर पर आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान कार अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कलविंदर कार में फंस गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार का अगला हिस्सा काटकर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।


