हाईवे पर टकराईं बाइक, कांवड़िया सहित तीन घायल
बरेली-बदायूं हाईवे पर मलगांव के समीप बाइक टकराने से सड़क पर गिरकर घायल हुआ युवक। हाईवे पर टकराईं बाइक, कांवड़िया सहित तीन घायल

बिनावर/मलगांव। कछला गंगा घाट से जल भरकर लौट रहे दो कांवड़ियों की बाइक को विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों कांवड़िए और दूसरी बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को निजी एंबुलेंस से बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों बाइकों को कब्जे में लिया गया। मामला मलगांव के पास बरेली-मथुरा हाईवे का है। बरेली के फरीदपुर कस्बा निवासी उदय सोलंकी 21 वर्ष पुत्र मुनेन्द्र सिंह अपने साथी रचित के साथ एक ही बाइक पर कछला गंगा घाट से जल भरकर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कांवड़िए सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक सवार को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को निजी एंबुलेंस की मदद से बरेली के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि दोनों कांवड़ियों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।पुलिस ने हादसे में शामिल दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से हादसे की जानकारी ली और घायलों के परिजनों को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक दूसरे बाइक सवार की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उसके नाम-पते की जानकारी जुटा रही है। घायल तीसरे बाइक सवार की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


