थोक महंगाई बढ़ने से सेंसेक्स 252 अंक फिसला
बुधवार को थोक महंगाई और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच सेंसेक्स 251.89 अंक और निफ्टी 99.25 अंक गिरकर बंद हुए। निवेशकों की मुनाफावसूली और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों से पहले सतर्कता ने बाजार पर दबाव डाला। सितंबर में थोक मुद्रास्फीति बढ़कर 11.39 प्रतिशत रही। दूसरी ओर, रुपया 19 पैसे मजबूत होकर एक महीने के उच्चस्तर पर पहुंचा।

मुंबई, एजेंसी। थोक महंगाई दर में वृद्धि और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच बुधवार को घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। पिछले कारोबारी सत्र में उछाल के बाद निवेशकों के मुनाफावसूली करने से बाजार पर दबाव रहा। सेंसेक्स 251.89 अंक गिरकर 72,781.89 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 73,195.26 अंक के उच्च स्तर तक गया और 72,578.75 अंक के निचले स्तर तक आया। निफ्टी भी 99.25 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूटकर 22,622.70 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में गिरावट
सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, इटर्नल, आईसीआईसीआई बैंक और इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में सबसे ज्यादा गिरावट रही। दूसरी तरफ, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी रही।
महंगाई और वैश्विक संकेतों का असर
नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर महीने में थोक मुद्रास्फीति दर बढ़कर 11.39 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त में 9.92 प्रतिशत थी। खाद्य पदार्थों, विनिर्मित वस्तुओं तथा ईंधन एवं बिजली की कीमतें बढ़ने से थोक मुद्रास्फीति में तेजी आई।
जानकारों ने कहा, हाल की तेजी के बाद मुनाफावसूली और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों से पहले सतर्कता के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। थोक महंगाई के अपेक्षा से अधिक रहने से मौद्रिक नीति सख्त होने की आशंकाएं बढ़ गईं, जिससे वाहन, निजी बैंक और धातु कंपनियों के शेयरों पर दबाव पड़ा। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.36 प्रतिशत बढ़कर 106.1 डॉलर प्रति बैरल हो गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,305.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए।
रुपये में मजबूती
रुपया 19 पैसे की बढ़कर एक माह का उच्चस्तर पर
रुपये में बुधवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही और यह अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 19 पैसे मजबूत होकर 95.17 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। पिछले चार कारोबारी सत्रों में रुपये में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले कुल 171 पैसे की तेजी आई है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप से डॉलर की मांग कम होने और विदेशी मुद्रा बाजार में सट्टेबाजी पर अंकुश लगने से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये में तेजी के साथ यह एक महीने के उच्चस्तर पर पहुंच गया। आरबीआई के सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के उपायों के अलावा डॉलर में कमजोरी और अमेरिकी सरकारी बॉण्ड पर प्रतिफल घटने से भी रुपये को समर्थन मिला। हालांकि, घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी ने रुपये की बढ़त को सीमित किया।

