मणिपुर में हथियार और गोला-बारूद बरामद
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने एक अभियान में हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। इसमें चार राइफल, तीन पिस्तौल, और विस्फोटक शामिल हैं। वहीं, सेनापति जिले से 49.5 किलोग्राम अफीम भी जब्त की गई। पुलिस ने मामले में गिरफ्तारियां की हैं और फरार चालक की तलाश जारी है।

इंफाल, एजेंसी। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मणिपुर पुलिस और भारतीय सेना की 19 गढ़वाल राइफल्स की संयुक्त टीम ने के. थेनजांग गांव के जंगल क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान हथियार, विस्फोटक और युद्ध संबंधी सामग्री बरामद की। बरामद हथियारों में चार राइफल, तीन पिस्तौल, मैगजीन, गोला-बारूद और विस्फोटक शामिल हैं।सेनापति में 49.5 किलो अफीम बरामद : उधर, सेनापति जिले से पुलिस ने 49.5 किलोग्राम अफीम जब्त की। पुलिस की टीम रविवार सुबह इंफाल-दीमापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर टी. खुल्लेन में वाहन जांच कर रही थी।
इस दौरान एक चारपहिया वाहन को रुकने का संकेत दिया गया। लेकिन चालक रुकने की बजाय वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने वाहन का पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन खड़ा मिला। तलाशी लेने पर वाहन से 49 पैकेट अफीम बरामद हुई, जिसका कुल वजन 49.5 किलोग्राम है। पुलिस ने वाहन मालिक के पहचान संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


