स्नातक प्रथम सेमेस्टर में 24 तक नामांकन ले सकेंगे छात्र-छात्राएं

हिन्दुस्तान, दरभंगा
Follow us on Google News
share

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में स्नातक कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के प्रथम सेमेस्टर 2026-30 के लिए द्वितीय चयन सूची जारी कर दी गई है। छात्र 20 से 24 जुलाई तक नामांकन ले सकेंगे। नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई है।

स्नातक प्रथम सेमेस्टर में 24 तक नामांकन ले सकेंगे छात्र-छात्राएं

राजीव रंजन झा,दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में स्नातक कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-30) में नामांकन के लिए द्वितीय चयन सूची शनिवार को विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। छात्र-छात्राएं आगामी 20 से 24 जुलाई तक आवंटित कॉलेज में नामांकन ले सकेंगे। यह चयन सूची छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन में भरे गये कॉलेज वरीयता, इंटरमीडिएट के अंक के आधार पर तैयार मेधा अंक एवं राज्य सरकार के आरक्षण नियमावली के अनुसार तैयार किया गया है। बता दें कि प्रथम चयन सूची 26 जुलाई को जारी की गई थी, जिसके आधार पर 28 जून से छह जुलाई तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। सात जुलाई से नए सत्र की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं।

नामांकन प्रक्रिया

गौरतलब है कि इस बार नामांकन के लिए आवेदन समर्थ पोर्टल के माध्यम से लिया गया है। चयन सूची भी समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही जारी की गई है। नामांकन को लेकर सभी अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को विश्वविद्यालय की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कॉलेजों को स्पष्ट निर्देश है कि नामांकन लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं की जानकारी 25 जुलाई के अपराह्न दो बजे तक समर्थ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट कर दिया जाए। जिनकी जानकारी पोर्टल पर अपलोड नहीं होगी, उनके संबंध में यह माना जाएगा कि वे नामांकन के लिए संबंधित कॉलेज नहीं पहुंचे और उनका दावा समाप्त हो जाएगा।

दस्तावेजों की जाँच

विश्वविद्यालय से जारी निर्देश के अनुसार अभ्यर्थी अपने यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से लॉग-इन कर अपना सेलेक्शन लेटर डाउनलोड कर सकते हैं। कॉलेजों में छात्र-छात्राओं द्वारा आवेदन प्रपत्र में भरे गये तथ्यों की जांच अभिलेख सत्यापन कोषांग के माध्यम से की जाएगी। अभिलेखों का सत्यापन करने के उपरांत सभी प्रकार से सही पाये जाने की स्थिति में ही नामांकन लिया जाएगा। आरक्षण कोटि एवं लिंग में कोई भी परिवर्तन कॉलेज या विश्वविद्यालय स्तर पर नहीं किया जाएगा। यदि छात्र-छात्रा आरक्षण कोटि के अधीन नामांकन के लिए आवेदन किये हैं तो ऐसे अभ्यर्थी के आरक्षण कोटि के प्रमाण पत्रों की जांच कर नामांकन लिया जाएगा। अभ्यर्थी के ऑनलाइन आवेदन में भरे गये आरक्षण कोटि के आधार पर प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर ऐसे अभ्यर्थी का नामांकन नहीं लिया जाएगा। साथ ही यदि ऑनलाइन आवेदन में किसी अभ्यर्थी द्वारा प्राप्तांक संबंधी गलत सूचना दी गई हो तो चयन सूची में नाम शामिल होने पर भी ऐसे अभ्यर्थी का नामांकन नहीं होगा। यदि नामांकन के बाद भी अभ्यर्थी का आरक्षण कोटि, प्राप्तांक एवं लिंग संबंधी कोई विसंगति उजागर होती है तो ऐसे अभ्यर्थी का नामांकन रद्द कर दिया जाएगा। कॉलेजों को प्रतिदिन नामांकन अभ्यर्थी का एडमिशन अपडेट अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया गया हैं। अपडेट करने में किसी भी तरह की असुविधा होने पर कॉलेजों के लिए जिलावार हेल्पलाइन नंबर भी जारी है। नामांकन लेने वाले अभ्यर्थी का एमजेसी और एमडीसी एवं अन्य विषय का निर्धारण बाद में किया जाएगा।

नामांकन शुल्क और दस्तावेज

कॉलेजों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे अपने स्तर से नामांकन फार्म का वितरण नहीं करेंगे। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में सभी कोटि की महिलाओं तथा एससी-एसटी कोटि के छात्र-छात्राओं से नामांकन संबंधी शुल्क नहीं लेना है। द्वितीय चयन सूची के आधार पर लिये गये नामांकन के बाद कोटिवार बचे हुए रिक्त सीट पर नामांकन के लिए विश्वविद्यालय अग्रेत्तर कार्रवाई करेगी।

नामांकन के समय देने होंगे ये दस्तावेज : एडमिशन सेलेक्शन लेटर, कॉमन एप्लिकेशन फार्म (सीएएफ), कॉलेज/विद्यालय परित्याग प्रमाणपत्र की मूल प्रति, इंटरमीडिएट के प्रवेश पत्र की स्वअभिप्रमाणित छायाप्रति, इंटरमीडिएट के अंक पत्र की स्वअभिप्रमाणित छायाप्रति, पासपोर्ट साइज की दो रंगीन फोटो, जाति/आय प्रमाणपत्र (जिसके लिए लागू हो), आधार कार्ड की स्वअभिप्रमाणित छायाप्रति (यदि हो), प्रवजन (माइग्रेशन) सर्टिफिकेट (जिसके लिए लागू हो)।

सामान्य प्रश्न

द्वितीय चयन सूची कब जारी की गई है?
द्वितीय चयन सूची शनिवार को विश्वविद्यालय के वेबसाइट पर जारी की गई है।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से जुड़ी नवीनतम खबरों और पल-पल की जानकारी के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।