पूर्व हाईकोर्ट जज एसएन शुक्ला के खिलाफ भ्रष्टाचार का दूसरा केस दर्ज, आय से ज्यादा संपत्ति का मामला
सुप्रीम कोर्ट की इन-हाउस जांच में भी न्यायमूर्ति एसएन शुक्ला द्वारा किए गए भष्टाचार का खुलासा हुआ था। भारत के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा ने 2018 में उनके ऊपर महाभियोग की सिफारिश की थी।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश एसएन शुक्ला और उनकी पत्नी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति रखने का मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्ला और उनकी पत्नी ने आय के ज्ञात स्रोत से अधिक कथित रूप से 2.45 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है। पूर्व जज के खिलाफ भ्रष्टाचार का यह दूसरा मामला है।
बता दें कि न्यायमूर्ति एसएन शुक्ला इलाहाबाद उच्च न्यायालय से जुलाई 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे। उनके खिलाफ पहला मामला 4 दिसंबर, 2019 दर्ज हुआ था। जांच एजेंसी ने 4 दिसंबर, 2019 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के तत्कालीन न्यायाधीश एसएन शुक्ला के साथ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश आईएम कुद्दुसी और चार अन्य के खिलाफ लखनऊ स्थित एक मेडिकल कॉलेज के पक्ष में पैसे लेकर आदेश प्राप्त करने के आरोप में भष्टाचार का केस दर्ज किया था।
सुप्रीम कोर्ट की इन-हाउस जांच में भी न्यायमूर्ति एसएन शुक्ला द्वारा किए गए भष्टाचार का खुलासा हुआ था। भारत के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा ने 2018 में उनके ऊपर महाभियोग की सिफारिश की थी। हालांकि बाद में उन पर महाभियोग नहीं लगाया गया था।