चासनाला के दो वरिष्ठ अधिकारी समय से पूर्व सेवानिवृत्त, हड़कंप
सेल चासनाला कोलियरी के दो वरिष्ठ अधिकारियों, महाप्रबंधक मोहम्मद अदनान और उपमहाप्रबंधक विशाल कुमार बंसल, को प्रबंधन द्वारा समय से पूर्व सेवानिवृत्त किया गया। इस कार्रवाई के बाद दोनों अधिकारियों ने कार्य पर आना बंद कर दिया, जिससे प्रशासनिक और श्रमिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई। प्रबंधन इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहा है।

सेल चासनाला कोलियरी के दो वरिष्ठ अधिकारियों को प्रबंधन द्वारा समय से पूर्व सेवानिवृत्त (प्री-मैच्योर रिटायरमेंट) किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। शुक्रवार शाम महाप्रबंधक (वाशरी) मोहम्मद अदनान और उपमहाप्रबंधक (सिविल/टाउन) विशाल कुमार बंसल को समय पूर्व सेवानिवृत्ति का पत्र सौंपा गया। इसके बाद शनिवार से दोनों अधिकारियों ने कार्य पर आना बंद कर दिया है। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद से प्रशासनिक और श्रमिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। हालांकि, इस संबंध में प्रबंधन का कोई भी अधिकारी खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहा है। दोनों प्रभावित अधिकारियों से भी संपर्क नहीं हो सका है।कोलियरी
सूत्रों के अनुसार, सेल प्रबंधन द्वारा समय से पूर्व सेवानिवृत्ति की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी सेल कोलियरी डिवीजन के अंतर्गत जीतपुर कोलियरी के महाप्रबंधक (खनन) बादल मंडल, महाप्रबंधक (भू-संपदा) अरविंद कुमार हेम्ब्रम और महाप्रबंधक (खनन) संजय कुमार सहित करीब दर्जन भर अधिकारियों को समय से पूर्व सेवानिवृत्त किया गया था। उस कार्रवाई के खिलाफ प्रभावित अधिकारियों ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। अब चासनाला में हुई इस ताजा कार्रवाई से अधिकारियों में हड़कंप का माहौल है।


