फंड प्रबंधकों के लिए नए नियम लागू
सेबी ने पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवाओं (पीएमएस) के लिए नए नियम अधिसूचित किए हैं, जो 1 अप्रैल 2027 से लागू होंगे। इनके तहत पोर्टफोलियो मैनेजर ग्राहकों की राशि आईपीओ, डेट सिक्योरिटीज, सूचीबद्ध और विदेशी प्रतिभूतियों, मुद्रा बाजार के साधनों, म्यूचुअल फंड तथा वायदा-विकल्प में लगा सकेंगे। पीआरआईएम सेवा के जरिए भारतीय एएमसी के डायरेक्ट प्लान में निवेश का विकल्प भी मिलेगा, जिसके लिए न्यूनतम निवेश 25 लाख रुपये है।

पीएमएस के नए नियम और निवेश के विकल्प
नई दिल्ली, एजेंसी। बाजार नियामक सेबी ने पोर्टफोलियो प्रबंधन सेवाओं (पीएमएस) के लिए नए नियम अधिसूचित कर दिए हैं। नए नियमों में पीएमएस के तहत निवेश के विकल्प बढ़ाए गए हैं। अब पोर्टफोलियो मैनेजर ग्राहकों की ओर से आईपीओ, नए जारी होने वाले डेट सिक्योरिटीज, विदेशी प्रतिभूतियों और कई अन्य साधनों में निवेश कर सकेंगे। सेबी के नए पोर्टफोलियो मैनेजर्स रेगुलेशन, 2026 पुराने 2020 के नियमों की जगह लेंगे। ये नियम 1 अप्रैल 2027 से लागू होंगे। नए ढांचे में पीएमएस के तहत निवेश के विकल्प काफी व्यापक किए गए हैं। पोर्टफोलियो मैनेजर ग्राहकों की राशि आईपीओ और प्राथमिक बाजार में जारी होने वाली ऋण प्रतिभूतियों में लगा सकेंगे। इसके अलावा शेयर बाजार में सूचीबद्ध प्रतिभूतियों, मुद्रा बाजार के साधनों और म्यूचुअल फंड में भी निवेश किया जा सकेगा। विदेशी और गैर-सूचीबद्ध प्रतिभूतियों के साथ वायदा-विकल्प जैसे बाजार में कारोबार होने वाले साधनों में निवेश की भी अनुमति होगी।
म्यूचुअल फंड में निवेश की सुविधा
म्यूचुअल फंड के लिए अलग रास्ता
सेबी ने म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए पीआरआईएम सेवा शुरू की है। इसके तहत पीएमएस ग्राहक की राशि भारतीय एएमसी की म्यूचुअल फंड योजनाओं के डायरेक्ट प्लान में लगा सकेंगे। इसमें ईटीएफ, इंडेक्स फंड और स्पेशलाइज्ड इन्वेस्टमेंट फंड (एसआईएफ) भी शामिल होंगे। पीआरआईएम के तहत न्यूनतम निवेश 25 लाख रुपये होगा।

