सुपौल : ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर विवाद, तीन घायल
राघोपुर के समीप सहरसा से ललितग्राम जाने वाली ट्रेन 75206 में सीट को लेकर विवाद के परिणामस्वरूप तीन यात्री घायल हो गए। घायलों में से अशोक कुमार मेहता को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है और घायलों का इलाज राघोपुर रेफरल अस्पताल में किया जा रहा है।

राघोपुर, एक प्रतिनिधि। सहरसा से ललितग्राम जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 75206 में सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में तीन यात्री घायल हो गए। घटना चांदपीपर हाल्ट के समीप की बताई जा रही है। मारपीट में राघोपुर के रंजीत पासवान, मधेपुरा के अजीत कुमार और भपटियाही के अशोक कुमार मेहता घायल हुए हैं। घायलों में अशोक कुमार मेहता को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। रेल थाना प्रतापगंज के पुलिस पदाधिकारी राजेश्वर मंडल ने बताया कि सीट पर बैठने को लेकर विवाद सहरसा से ही शुरू हुआ था।
सरायगढ़-भपटियाही के बीच भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद राघोपुर रेल पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल भेजा। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है। इलाज के बाद प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


