ईडी के हत्थे चढ़े बबलू जायसवाल के खिलाफ जीएसटी इंटेलिजेंस ने कोर्ट में दिया आरोप पत्र
ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल को ईडी ने उसके बेटे के साथ गिरफ्तार किया। उन पर 55.66 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले का आरोप है। इससे पहले, उन्हें जीएसटी इंटेलिजेंस द्वारा गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत पर रिहा होने के बाद अपचार्य किया गया। मामला अभी अदालत में लंबित है।

स्क्रैप व्यवसायी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल को प्रवर्तन निदेशालय से पूर्व जमशेदपुर जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने जून 2024 में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जमानत पर रिहा होने के बाद डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (डीजीजीआई) ने उसके खिलाफ जमशेदपुर विशेष आर्थिक अपराध अदालत में आरोपपत्र भी दायर किया था। डीजीजीआई के अनुसार, बबलू जायसवाल पर स्क्रैप के व्यवसाय में गलत बिल एवं अन्य तरह से 55.66 करोड़ जीएसटी घोटाले का आरोप है। जमशेदपुर आर्थिक अपराध अदालत में जीएसटी घोटाले का मामला अभी लंबित है। इधर, बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बबलू जायसवाल को बेटे के साथ दबोच लिया।
जानकार बताते हैं कि ईडी के रडार पर स्क्रैप व्यवसायी ज्ञानचंद जायसवाल से जुड़े अन्य कई कारोबारी भी हैं। ईडी के पदाधिकारी सभी के व्यवसाय और लेनदेन पर नजर रखे हुए हैं। मालूम हो कि पहले जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम के हत्थे चढ़े लगभग आरोपियों को ईडी ने पकड़कर रांची के होटवार जेल भेजा है। स्क्रैप व्यवसायी ज्ञानचंद जायसवाल और उसके बेटे को 734 करोड़ के फर्जी जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट घोटाले की जांच के दौरान ईडी की टीम पकड़कर रांची ले गई। इसके पूर्व ज्ञानचंद जायसवाल के जमशेदपुर, कोलकाता व अन्य कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर 12 घंटे से ज्यादा जांच अभियान चलाया था।


