रेडिएंट चिल्ड्रन एकेडमी में विज्ञान प्रदर्शनी का हुआ आयोजन
दुलहूपुर में रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रन एकेडमी में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। डायरेक्टर गौरव कुमार और प्रधानाचार्य अखिलेश शुक्ल ने उद्घाटन किया। लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सूद ने मॉडल्स का निरीक्षण किया, जिसमें सौर ऊर्जा, स्वत: रेलवे फाटक और रोड सेफ्टी मॉडल शामिल थे।

दुलहूपुर, संवाददाता। रेडिएंट सेंट्रल चिल्ड्रन एकेडमी जलालपुर में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन विद्यालय के डायरेक्टर गौरव कुमार एवं प्रधानाचार्य अखिलेश शुक्ल ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथि के रूप में 65 यूपी एनसीसी बटालियन के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सूद ने बच्चों के तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों का निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में पावर ग्रिड का 3डी मॉडल, मानव रहित रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इंफ्रारेड सेंसर आधारित स्वचालित रेलवे फाटक, सौर ऊर्जा की सहायता से समुद्री जल को वाष्पित कर पेयजल में परिवर्तित करने की तकनीक तथा हाइड्रोजन आधारित कार्बन क्रेडिट सिस्टम समेत कई आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए गए।
प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रशंसित रोड सेफ्टी मॉडल विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा जिसमें अंबेडकरनगर से गुजरने वाले फ्लाई ओवर के ब्लाइंड पॉइंट पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सेंसर तथा ट्रैफिक लाइट आधारित मॉडल तथा दुर्घटना की स्थिति में गाड़ियों की गति रोकने के लिए स्पेशल सेंड जोन प्राथमिक सहायता केंद्र प्रदर्शित किया गया। इस दौरान एएनओ जीवन प्रकाश तिवारी, दीपिका शुक्ला एवं एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।


