सिटी कॉन्वेंट में विज्ञान प्रीमियर लीग की हुई प्रतियोगिता
खटीमा में सिटी कॉन्वेंट स्कूल में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हुई। 17 विद्यालयों के 34 छात्रों ने विभिन्न विज्ञान विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। विजेताओं को सम्मानित किया गया। विधायक कापड़ी ने विज्ञान के महत्व पर जोर दिया और बताया कि यह देश के विकास में कैसे सहायक हो सकता है।
खटीमा। सिटी कॉन्वेंट स्कूल में बुधवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग-2026 की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें विकासखंड के 17 विद्यालयों के 34 छात्र-छात्राओं ने जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतिभाग किया। बच्चों ने चंद्रयान, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, स्मार्ट सिटी, पर्यावरण संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में जूनियर और सीनियर वर्ग से तीन-तीन बच्चों का चयन किया गया। सभी विजेताओं को स्मृति चिह्न, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रशस्ति पत्र भी दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी, जिला समन्वयक विज्ञान संचारक नरेंद्र रौतेला, ब्लॉक समन्वयक निर्मल न्यूलिया, विद्यालय प्रबंधक प्रवीण उपाध्याय, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर तिलक उपाध्याय, प्राचार्या शुभ्रा सक्सेना और राजेश जोशी ने किया।
विधायक कापड़ी ने कहा कि विज्ञान हमारी प्राचीन संस्कृति और पौराणिक गाथाओं में रचा-बसा है। पुष्पक विमान से लेकर परमाणु अस्त्र तक का उल्लेख हमारे ग्रंथों में मिलता है। जीवन की हर छोटी-बड़ी चीज में विज्ञान है। आज का छोटा वैज्ञानिक ही कल का महान आविष्कारक बनेगा। विज्ञान के माध्यम से ही हम देश को विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में खड़ा कर सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक दिग्विजय गंगवार और कविता देवी ने किया।


