पूर्व विधायक समेत 14 पर तोड़फोड़, मारपीट व धमकी के आरोप में एफआईआर
सीवान के एक स्कूल के प्राचार्य ने पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह और उनके पुत्र समेत 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन पर तोड़फोड़, मारपीट और रंगदारी की मांग करने का आरोप है। घटना का वीडियो भी उपलब्ध है, जिसे पुलिस को सबूत के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

सीवान, निज प्रतिनिधि। जीबी नगर थाना क्षेत्र के सहलौर स्थित एक स्कूल के प्राचार्य ने पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह, इनके पुत्र संजय कुमार सिंह समेत कुल 14 नामजद व 20-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। सभी के खिलाफ कॉलेज परिसर में तोड़फोड़, मारपीट, अभिलेख फाड़ने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
शिक्षक और कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार
इलाम्दीपुर स्थित शिव कबीर सीनियर सेकेंडरी हाई स्कूल के प्राचार्य सराय थाना क्षेत्र के सहलौर निवासी सुरजीत कुमार सिन्हा ने थाने में आवेदन देकर बताया है कि पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह व इनके पुत्र संजय कुमार सिंह द्वारा 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर बीते 6 जुलाई की सुबह दोनों लोग अपने समर्थकों के साथ कॉलेज पहुंचे और जेसीबी की मदद से परिसर की बाउंड्रीवाल तोड़ दी। इतना ही नहीं इसके बाद कार्यालय में घुसकर अभिलेखों को क्षतिग्रस्त किया व शिक्षक और कर्मियों के साथ मारपीट भी की गई।
वीडियो सबूत
आवेदन के अनुसार घटना के दौरान आरोपितों ने कॉलेज में मौजूद लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पूरी घटना का वीडियो उपलब्ध होने का है दावा प्राचार्य ने दावा किया है कि पूरी घटना का वीडियो इनके पास उपलब्ध है, इसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराया जाएगा। एफआईआर में पूर्व विधायक श्याम बहादुर सिंह, इनके पुत्र संजय कुमार सिंह सहित कुल 14 लोगों को नामजद व 20-30 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के बाद से विद्यालय प्रबंधन व इनके परिवार में भय का माहौल है। जीबी नगर थाने की पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


