अनन्या मलिक का एसजीएफआई के लिए चयन, विद्यालय में खुशी
शामली के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की छात्राओं ने अखिल भारतीय जूडो एवं कुराश प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा सात की छात्रा अनन्या मलिक ने स्वर्ण पदक जीता और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए चुनी गईं। अन्य छात्रों ने भी रजत पदक जीते। प्रधानाचार्य ने छात्राओं को सम्मानित किया।

शामली। शहर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जूनियर हाई स्कूल की छात्राओं ने अखिल भारतीय जूडो एवं कुराश प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा सात की छात्रा अनन्या मलिक का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के लिए हुआ है। आदित्य प्रकाश टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज, रांची झारखंड में 23 से 27 सितंबर तक आयोजित अखिल भारतीय जूडो एवं कुराश प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जूडो प्रतियोगिता में अनन्या मलिक ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। पलक चौधरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक तथा राधिका चौहान ने भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं कुराश प्रतियोगिता में प्रीत चौहान ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया।विद्यालय लौटने पर प्रधानाचार्य संजय सैनी और सरस्वती शिशु वाटिका की प्रधानाचार्य पल्लवी ऐरन ने छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अनन्या मलिक अब 22 अक्टूबर को दिल्ली स्थित स्टेडियम में एसजीएफआई की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।विद्यालय समिति के अध्यक्ष चंचल गोयल, प्रबंधक विवेक संगल और कोषाध्यक्ष गौरव संगल ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

