रैली निकालकर लोगों को शिक्षा के प्रति किया जागरूक
मेजा। स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत विकास खंड मेजा में शिक्षा के
स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत विकास खंड मेजा में शिक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मेजा प्रथम एवं कंपोजिट विद्यालय मेजा के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोगों को प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने का स्काउट बैंड के साथ संदेश दिया। रैली का शुभारंभ ब्लॉक संसाधन केंद्र मेजा से हुआ, जिसे खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश सिंह एवं उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ मेजा के अध्यक्ष मनीष तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी कैलाश सिंह ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। परिषदीय विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, स्मार्ट कक्षाएं, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, बैग, मध्यान्ह भोजन तथा अन्य अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों का नामांकन निकटतम परिषदीय विद्यालय में अवश्य कराएं और उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला होता है और प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। रैली में मंत्री हसीब सिद्दीकी अनामिका पाण्डेय प्रवीण दुबे,विकास पाण्डेय रोहित तिवारी जगदीश निगम आदि रहे।


