जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखा स्कूल चलो रैली किया रवाना
- कलक्ट्रेट परिसर से गाजीपुर तिराहा तक निकाली गई रैली जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखा चलो रैली किया रवानाजिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखा चलो रैली किया रवानाजि

मऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण (01 से 15 जुलाई ) के अंतर्गत सोमवार को जिले में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने स्कूल चलो जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम के आरंभ में स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी को सलामी देकर स्वागत किया। जिलाधिकारी ने शिक्षा, राष्ट्रीय एकता एवं जनजागरूकता के प्रतीक स्वरूप तिरंगा गैस गुब्बारा आकाश में उड़ाकर अभियान का शुभारंभ किया। जागरूकता रैली में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्कूटी सवार महिला शिक्षिकाओं तथा बाइक सवार पुरुष शिक्षकों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ सहभागिता की।
रैली में शिक्षा से संबंधित प्रेरक नारों, बैनरों एवं पोस्टरों के माध्यम से आमजन को प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराएं तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग दें। उन्होंने सभी शिक्षकों से घर-घर संपर्क कर विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों को चिन्हित कर उनका नामांकन सुनिश्चित कराने का आह्वान किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने स्वयं रैली का नेतृत्व किया। वे प्रचार वाहन, बैनर एवं पोस्टरों के साथ कलक्ट्रेट परिसर से गाजीपुर तिराहा तक रैली में शामिल रहे। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक पात्र बच्चे को विद्यालय से जोड़ना तथा नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से अपील की कि शिक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप प्रदान करते हुए सभी बच्चे विद्यालय पहुँचें तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ प्राप्त करें। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन एसआरजी अरविन्द पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील सिंह, धर्मेंद्र कुमार, अरविन्द कुमार, प्रभावती, रजित लाल रत्नाकर, जिला समन्वयक आलोक सिंह, अनिल चौरसिया, सहेन्द सिंह, ओमप्रकाश मौर्य सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।----------------------------------


