जिले में 319 छात्रों के खाते में भेजी गई छात्रवृत्ति
सीएल मौर्य ... मुख्यमंत्री ने 4.60 लाख छात्रों को 148 करोड़ की छात्रवृत्ति भेजी, गौतमबुद्धनगर में लाइव प्रसारण हुआ

ग्रेटर नोएडा, कार्यालय संवाददाता। जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और सामान्य वर्ग के 319 छात्रों के बैंक खाते में शनिवार को छात्रवृत्ति भेजी गई। अधिकारियों ने छात्रों को छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी और समय से आवेदन कर लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लोक भवन सभागार लखनऊ में अल्प आय वर्ग के कक्षा- 9 से 12वीं तक के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के खातों में 148 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई।
इसका लाइव प्रसारण किया गया। गौतमबुद्धनगर में मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में मुख्य कार्यक्रम पब्लिक इंटर कॉलेज जहांगीरपुर में आयोजित किया गया। एलईडी स्क्रीन पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग के कक्षा 9-10 के 75 छात्रों को 1 लाख 68 हजार रुपये और कक्षा 11-12 के 52 छात्रों को 1 लाख 68 हजार 236 रुपये की छात्रवृत्ति भेजी गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि अनुसूचित जाति के कक्षा 9-10 के 127 छात्रों को 1 लाख 77 हजार 800 रुपये, सामान्य वर्ग के 41 छात्रों को 1 लाख 23 हजार रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 24 छात्रों को 72 हजार रुपये की छात्रवृत्ति उनके खातों में भेजी गई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

