सात सितम्बर तक तैयार करें छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए मास्टर डाटा
वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के छात्रों को छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान किया जाएगा। यह प्रक्रिया उन छात्रों के लिए निर्धारित की गई है, जिनके आवेदन विभिन्न कारणों से अस्वीकृत हुए थे। शिक्षण संस्थानों को 7 सितंबर तक मास्टर डाटा तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंझनपुर, संवाददाता। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के दशमोत्तर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के भुगतान से वंचित रह गए छात्रों के लिए शासन द्वारा समय-सारिणी निर्गत की गई है।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मुदित श्रीवास्तव के अनुसार ऐसे छात्र-छात्राएं, जिनके आवेदन शिक्षण संस्थानों द्वारा अग्रसारित नहीं किए जा सके अथवा पीएफएमएस से आवेदन रिजेक्ट होने, ट्रांजेक्शन फेल होने तथा अन्य कतिपय कारणों से छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति का भुगतान नहीं हो सका, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत भुगतान किए जाने की कार्यवाही की जानी है। जिले के समस्त दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वह सात सितम्बर तक मास्टर डाटा तैयार करना सुनिश्चित करें, ताकि शिक्षण संस्थान स्तर से मास्टर डाटा को समय से लॉक किया जा सके।
उन्होंने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने तथा पात्र छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने में सहयोग की अपेक्षा की है।

