छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए वंचित छात्र-छात्राओं को मिलेगा अवसर
वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए पोर्टल खोला गया है। सत्यापन और आवेदन प्रक्रिया को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। विश्वविद्यालय और समाज कल्याण अधिकारी द्वारा विभिन्न चरणों में डेटा सत्यापन और स्क्रूटनी का कार्य किया जाएगा ताकि पात्र छात्रों को समय पर सहायता मिल सके।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में शिक्षण संस्थाओं से आवेदन अग्रसारित न होने, पीएफएमएसओ से रिजेक्ट होने एवं अन्य कारणों से छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति के भुगतान से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए पोर्टल खोले जाने तथा आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति वितरण तक को समय-सारिणी निर्धारित की गई है। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विश्वविद्यालय, एफिलिएटिंग एजेंसी ने फीस का सत्यापन 2 से 8 सितम्बर तक, जिला समाज कल्याण अधिकारी से फीस का सत्यापन 3 से 9 सितंबर तक किया जाएगा। विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी से रिजल्ट अद्यतन करने की कार्रवाई 3 से 10 सितंबर तक निर्धारित है।एनआईसी से स्क्रूटनी 11 से 15 सितंबर, त्रुटिपूर्ण आवेदन को शिक्षण संस्थान के स्तर से सही करने की कार्रवाई 16 से 18 सितंबर, शिक्षण संस्था से सत्यापित एवं डाटा अग्रसारित कार्रवाई 17 से 19 सितंबर तक की जाएगी।
एनआईसी से पुनः स्क्रूटनी 20 से 22 सितम्बर, जनपदीय समिति से शुद्ध डाटा को लॉक करने की कार्रवाई 17 से 25 सितम्बर तक पूर्ण की जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्यम त्रिपाठी ने शिक्षण संस्थानों, अधिकारियों से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। ताकि पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा सके।

