हर हर महादेव के जयकारे से गूंज उठे शिवालय
जौनपुर में सावन के अंतिम सोमवार पर श्रद्धालुओं ने प्रसिद्ध शिव मंदिरों में जलार्चन किया। कांवरियों और अन्य भक्तों ने सुबह से लेकर शाम तक मंदिरों में जल चढ़ाया। धार्मिक मेलों में खरीदारी भी हुई, जिसमें बच्चों ने खिलौने और अन्य वस्तुएं खरीदी। मंदिरों के आस-पास विभिन्न दुकानों ने भी रौनक बढ़ाई।

जौनपुर, संवाददाता। सावन मास के अंतिम सोमवार को जिले के प्रसिद्ध शिव मंदिरों व शिवालयों में दिनभर हर हर महादेव का जयकारा गूंजता रहा। भोर से कांवरिये और अन्य श्रद्धालु कतार में लगकर जलार्चन शुरू कर दिये थे। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों से स्थित शिव मंदिरों में भोर से लेकर देर शाम तक जलारचन करने वालों का तांता लगा रहा। त्रिलोचन महादेव जलालपुर, गौरीशंकर धाम सुजानगंज, रामेश्वरम महादेव राजेपुर त्रिमुहानी, साईनाथ महादेव शंभुगंज, दियावां महादेव बरसठी, करशूलनाथ महराजगंज, ऐतिहासिक शिव मंदिर धर्मापुर परिसर में मेले का आयोजन हुआ। जलार्चन करने पहुंचे महिला पुरुष श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन के बाद मेले में विभिन्न वस्तुओं की खरीददारी की।
बच्चों में गुब्बारा, सीटी, बांसुरी समेत अन्य खिलौने खरीदे। मंदिरों के आसपास माला फूल, धतूरा, बेलपत्र, प्रसाद आदि की दुकाने लगी थीं।


