Moradabad News: कांवड यात्रा: टूटी सड़कें और झाडियां लेंगी जिम्मेदारों का इम्तिहान
Moradabad News: सावन मेला पटरी की सफाई, प्रथ प्रकाश और सुरक्षा के किए जाने हैं विशेष प्रबंध

Moradabad News: 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह जिम्मेदारों की परीक्षा की घड़ी होगी। कांवड पथ की मरम्मत और सड़क किनारे की साफ-सफाई विभागों के लिए हर साल किसी चुनौती से कम नहीं रहती है। मुरादाबाद जनपद कांवड़ यात्रा को लेकर कई मायनों में खास है। मुख्य रूप से चार मार्गों से गंगा जल लेकर आने-जाने वालों की भीड़ गुजरती है। वैसे तो मुरादाबाद-हरिद्वार-देहरादून मार्ग की जनपद क्षेत्र में लंबाई 36 किलोमीटर है। जबकि एनएच-9 पाकबड़ा से रामपुर जीरो प्वाइंट तक सड़क कांवड पथ के रूप में स्थापित है। मुरादाबाद से अगवानपुर-कांठ रोड हो कर श्रद्धालु जाते-आते हैं。
कांवड़ यात्रा के मार्ग
मुरादाबाद-डींगरपुर-संभल रोड से लाखों की संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं। वैसे तो लोक निर्माण विभाग सड़कों की मरम्मत और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर पूरी तरह अलर्ट है। विभाग की मानें तो मुरादाबाद-छजलैट होते बिजनौर की ओर जाने वाली सड़क की मरम्मत हो गई है। सभी चार सड़कों को सावन की दृष्टिगत तैयार कर लिया गया है। जिला पंचायत को अगवानपुर क्षेत्र में प्रकाश प्रबंधन सौंपी गई है।
सड़कों की स्थिति
लोक निर्माण विभाग रूटीन में सड़कों के गढ्ढे भर चुका है। बरसात की वजह से कुछ स्थानों पर सड़क पर पानी भरने की शिकायत जरूर विभाग के पास पहुंची है। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता एसपी सिंह का कहना है कि 20 जुलाई तक सड़कों के गढ्ढ़े भर दिए जाएंगे। घास और झाड़ियों की कटाई शुरू करा दी गई है। प्रमुख मार्गों की पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं।


