जौनपुर के सौरभ पहलवान का अखिलेश यादव ने किया सम्मान
जौनपुर के गजना गांव के पहलवान सौरभ यादव ने थाईलैंड में आयोजित एशिया चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पांच लाख रुपये की सहायता दी और सम्मानित किया। सौरभ ने इस उपलब्धि के लिए यादव का आभार व्यक्त किया।

गौराबादशाहपुर (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। थाईलैंड में आयोजित एशिया चैंपियनशिप की कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश का झंडा बुलंद करने वाले जौनपुर के धर्मापुर ब्लाक के गजना गांव के युवा पहलवान सौरभ यादव को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सम्मानित किया। लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने सौरभ की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने युवा पहलवान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। सौरभ ने थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में कई विदेशी पहलवानों को अपने दमदार प्रदर्शन से पटखनी देकर भारत का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में उन्होंने रजत पदक हासिल कर देश और जौनपुर का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन किया। सौरभ ने अखिलेश यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मान और आर्थिक सहयोग ने उनके उत्साह को और बढ़ाया है।


