सरयू का जलस्तर बढ़ा, एल्गिन ब्रिज पर खतरे के निशान से 48 सेमी ऊपर
सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बस्ती में मंगलवार सुबह जलस्तर 106.550 मीटर, और अयोध्या में 93.080 मीटर दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, जिससे बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर निगरानी रख रहा है।
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह आठ बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर 106.550 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.070 मीटर से 48 सेंटीमीटर ऊपर है। यहां जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी है। हालांकि कुल डिस्चार्ज में कमी दर्ज की गई है। अयोध्या में भी सरयू का जलस्तर बढ़ रहा है। सुबह आठ बजे यहां नदी का जलस्तर 93.080 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 92.730 मीटर है। यानी नदी खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। यहां भी जलस्तर बढ़ने का ट्रेंड बना हुआ है।
बाढ़ विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार सुबह आठ बजे विभिन्न बैराजों से कुल 3,82,328 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हुआ। हालांकि कुल डिस्चार्ज का ट्रेंड कम होने (Receding) का है। इसमें गिरिजा बैराज से 1,70,505 क्यूसेक, शारदा बैराज से 1,83,480 क्यूसेक, सरयू बैराज से 5,954 क्यूसेक और सुहेली बैराज से 22,389 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सरयू का जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे के गांवों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन और बाढ़ विभाग की ओर से नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


