खतरे के निशान से 10 सेमी नीचे पहुंचा सरयू नदी का जलस्तर, मिली राहत
सरयू नदी का जलस्तर तेजी से घट रहा है और रविवार को यह खतरे के निशान से 10 सेंटीमीटर नीचे पहुँच गया। जलस्तर कम होने से बाढ़ का पानी धीरे-धीरे गांवों से वापस नदी की ओर जा रहा है, लेकिन रास्तों पर कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है।
बस्ती, हिन्दुस्तान टीम। सरयू नदी का जलस्तर तेजी से घटा और रविवार सुबह आठ बजे खतरे के निशान से 10 सेमी नीचे पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सरयू नदी का जलस्तर 92.63 मीटर पर पहुंच गया है। अनुमान है कि नदी का जलस्तर और अधिक नीचे जायेगा। जलस्तर कम होने से बाढ़ का पानी धीरे-धीरे गांवों से नदी की ओर उतरने लगा है। पानी हटने के बाद रास्तों और गांवों में जगह-जगह कीचड़ जमा हो गया है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं को ज्यादा परेशानी हो रही है। वहीं बीडी तटबंध के कन्हईपुर, खेमराजपुर, शम्भूपुर, पूरे चेतन, पकड़ी संग्राम और लकड़ी पांडेय सहित आसपास के गांवों में पानी घटने के साथ कटान की आशंका बढ़ गई है।
बीडी तटबंध के संवेदनशील स्थानों पर संभावित कटान को देखते हुए बाढ़ खंड के कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। जेई अतुल कुमार ने बताया कि नदी का पानी घट रहा है। संवेदनशील स्थानों पर किसी तरह की समस्या की आशंका को देखते हुए कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है। फिलहाल कहीं कोई बड़ी समस्या नहीं है।


