सरयू नदी किनारे फिर शुरू हुआ अस्थाई लोहे के पुल का निर्माण
रामनगर में सरयू नदी का जल स्तर घटने के बावजूद बाराबंकी-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर दूसरे स्थायी पुल के निर्माण के लिए अस्थायी पुल का निर्माण फिर से शुरू हो गया है। निर्माण सुरक्षित स्थान से किया जा रहा है। इंजीनियरों ने काम संभाला है और लोहे के पाइपों को मजबूत धरातल में स्थापित किया जा रहा है।

रामनगर। सरयू नदी का जलस्तर घटने लगा है लेकिन नदी में अभी भी पर्याप्त पानी है। इसके बावजूद बाराबंकी बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग के सरयू नदी पर दूसरे स्थायी पुल के निर्माण में तेजी लाने के लिए अस्थाई लोहे के पाइप वाले पुल का निर्माण फिर शुरू कर दिया गया है। इस बार नदी के किनारे के बजाय करीब 150 मीटर दूर पश्चिमी सिरे के मजबूत धरातल से निर्माण कार्य शुरू किया गया है ताकि दोबारा कटान होने पर निर्माण स्थल प्रभावित न हो। पिछले दो महीने पूर्व अस्थाई पुल का निर्माण नदी के किनारे से शुरू किया गया था। लेकिन सरयू की धारा घूमकर पीछे की ओर आ गई और करीब सौ मीटर तक कटान कर दिया।
इससे लोहे के पाइपों से बनने वाले अस्थाई पुल का काम रोकना पड़ा था। अब कंपनी ने स्थान बदलकर सुरक्षित जगह से निर्माण शुरू किया है। करीब 1200 मीटर लंबाई के दूसरी लेन अस्थाई लोहा पाइप पुल नदी के इस पार से उस पार तक बनाया जाएगा। इसी पुल से चलकर भारी मशीनें नदी के बीच पहुंचेंगी और स्थायी डबल लेन पुल की कोठियों का निर्माण करेंगी। दिल्ली की अरविंदो कंपनी के इंजीनियरों ने फिर से काम संभाल लिया है। मशीनों की मदद से लोहे के पाइपों को करीब 100 से 120 फीट नीचे तक मजबूत धरातल में धंसाया जा रहा। इसके ऊपर लोहे के गाटर रखकर लोहे की ही सतह तैयार की जाएगी। जिस पर निर्माण कार्य में लगी मशीनें आवागमन करेंगी। कंपनी के सुपरवाइजर धर्मेंद्र ने बताया कि अस्थाई पुल का निर्माण दोबारा शुरू कर दिया गया है और सुरक्षित स्थान से काम आगे बढ़ाया जा रहा है।


