विद्यालय स्तरीय गणित-विज्ञान मेले में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा
हजारीबाग के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में 27 अगस्त को गणित-विज्ञान मेला आयोजित किया गया। कक्षा अरुण से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने 181 मॉडल प्रदर्शित किए। अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने उद्घाटन करते हुए छात्रों को गणित और विज्ञान में प्रगति के लिए प्रेरित किया। चयनित विद्यार्थी आगामी प्रांतीय मेले में भाग लेंगे।

हजारीबाग, नगर प्रतिनिधि। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुम्हारटोली में 27 अगस्त को विद्यालय स्तरीय गणित-विज्ञान मेला आयोजित किया गया। मेले में कक्षा अरुण से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने गणित एवं विज्ञान से जुड़े 181 आकर्षक प्रदर्श प्रस्तुत किए। माता सरस्वती की वंदना के बाद विद्यालय के अध्यक्ष डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर अध्यक्ष ने बाल वैज्ञानिकों के मॉडल की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।उन्होंने गणितज्ञ रामानुजन सहित भारतीय वैज्ञानिकों और गणितज्ञों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बच्चों को गणित और किसी एक भाषा में मजबूत पकड़ बनाने की सलाह दी।
उपाध्यक्ष डॉ अमिता कुमारी ने कहा कि विज्ञान निरंतर नई और उपयोगी खोजों का माध्यम है तथा शिक्षा और संस्कार के जरिए व्यक्तित्व निर्माण विद्यालय का उद्देश्य है। सहसचिव प्रो संजय श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच के आधार पर मॉडल तैयार किए हैं। निर्णायक मंडल ने विभिन्न प्रदर्शों का अवलोकन किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। चयनित विद्यार्थी आगामी प्रांतीय गणित-विज्ञान मेले में भाग लेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


