बिना हेलमेट और मोडिफाइड साइलेंसर वालों पर पुलिस सख्त
संतकबीरनगर में पुलिस ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। एसपी संदीप कुमार मीना के नेतृत्व में, यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट, तेज आवाज वाले साइलेंसर और तीन सवारियों वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अधिकारियों ने नियमों के पालन के महत्व को समझाया और सड़क हादसों को कम करने के प्रयास में कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया।

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देशन में यातायात पुलिस और सभी थानों की पुलिस ने प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोटरसाइकिल में मोडिफाइड तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाने, तीन सवारी और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच कर नियमानुसार चालान किया।मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर कर्कश ध्वनि करने वाले बाइक चालकों को पुलिस ने निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन चलाने के निर्देश दिए।
टीएसआई परमहंस ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। वाहनों में किसी भी प्रकार का अनधिकृत परिवर्तन न करें। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को निर्देश दिया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार चेकिंग और प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।


